मध्य प्रदेश में दूसरे दिन 3 कोरोना पॉजिटिव की हालत में सुधार बताया गया। ये तीनों संक्रमित भोपाल के हैं। डॉक्टर्स के अनुसार, पत्रकार, उनकी बेटी और रेलवे गार्ड की हालत लगातार सुधार हो रहा है। इससे पहले जबलपुर में 6 के स्वास्थ्य ठीक बताया था। ग्वालियर के संक्रमित युवक की दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने मेडिकल बुलेटिन जारी करके यह जानकारी दी है। इन सभी को तीसरे सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी।
प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कोरोना के 10 मरीजों की हालात में सुधार हुआ है। भोपाल के एम्स में इस समय 3 कोरोना पॉजिटिव मरीज भर्ती हैं। इनमें से 2 पिता-पुत्री हैं। और एक रेलवे में गार्ड है। मेडिकल बुलेटिन में बताया गया है कि तीनों ही कोरोना पॉजिटिव मरीजों की हालत में काफी सुधार देखने आया है। मरीज भी इसे महसूस कर रहे हैं। लंदन से लौटी प्रोफेसर कॉलोनी निवासी गुंजन सक्सेना और उसके पिता केके सक्सेना बीते 24 घंटे में ना तो दोनों को बुखार आया है और ना ही खांसी आई है। सोमवार को दोनों के सैंपल लिए गए हैं। सैंपल की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे ट्रीटमेंट किया जाएगा। फिलहाल तीनों मराजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है। इधर रेलवे गार्ड आरआर धाकड़ की पत्नी और बेटे की रिपोर्ट निगेटिव आई है। दोनों अभी होम क्वारैंटाइन में हैं। पड़ोसियों की स्क्रीनिंग कराई गई है। उनके निवास के आसपास का इलाका कंटोनमेंट घोषित कर दिया गया है।
8 पॉजिटिव, 6 की हालत में सुधार
जबलपुर में 8 कोरोना पॉजिटिव अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 6 लोगों की हालत में सुधार हुआ है। इन मरीजों को करीब एक हफ्ते पहले अस्पताल में भर्ती किया गया था। 6 के सैंपल दूसरी बार जांच के लिए भेजे गए थे। इसकी रिपोर्ट शनिवार शाम को निगेटिव आई है। शुक्रवार को जबलपुर में 2 और लोगों की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा सतर्कता से कदम उठा रहा है। यह दोनों मरीज संक्रमित सराफा व्यापारी के यहां काम करते हैं और 4 दिन से आइसोलेशन में थे। जबलपुर में कोरोनावायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 8 हो गई। सराफा व्यापारी की दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के अनुसार, व्यापारी दुबई से लौटने के बाद करीब 450 लोगों के संपर्क में आया।
ग्वालियर में 2 मरीज, 1 की हालत में सुधार
ग्वालियर में 5 दिन पहले कोरोना पॉजिटिव युवक की शनिवार को दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। डॉक्टर्स का कहना है कि युवक का 4 दिन बाद एक और सैंपल लेकर भेजा जाएगा। यह फाइनल जांच होगी, इस रिपोर्ट के बाद कोई निर्णय लिया जाएगा। 2 दिन पहले युवक की पत्नी और बेटी की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी। युवक के संपर्क में आए करीब 8 अन्य लोगों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई। युवक खजुराहो से लौटकर आया था। खजुराहो में वह जिस होटल में रुका था उसे सील कर दिया गया। पूरे परिवार को क्वारैंटाइन किया गया।
मध्यप्रदेश में 47 लोगों को कोरोना, 4 की मौत
मध्यप्रदेश के इंदौर में 7 और उज्जैन में एक कोरोना संक्रमित मिलने से राज्य में 47 संक्रमित हो गए, इनमें 4 लोगों की मौत हो चुकी। इनमें 2 इंदौर, 2 उज्जैन के हैं। भोपाल में कोरोना के 3, जबलपुर में 8, शिवपुरी में 2 और ग्वालियर में 2 मरीज मिले चुके हैं। पिछले चौबीस घंटों के दौरान भोपाल, जबलपुर, शिवपुरी और ग्वालियर में एक भी कोरोना संक्रमित मरीज नहीं मिला। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, 604 कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए गए थे, जिसमें जांच रिपोर्ट में 454 की रिपोर्ट निगेटिव आई।